आगरा। क्या आगरा पुलिस चमत्कारी हो गई है। शायद चमत्कारी कहना इसलिए गलत नहीं है क्योंकि वह व्यक्ति की आवाज सुनकर नहीं उसके द्वारा चलाई गई गोली की आवाज सुनकर ही उसकी पहचान कर लेती है। वह भी रात के अंधेरे में। आगरा पुलिस की इस कला को सुनकर हाईकोर्ट भी हैरान हो गया है। हैरानी की बात यह है कि यह बातें विवेचक ने कहीं हैं। हाईकोर्ट ने विवेचक के इस दावे पर कड़ा संज्ञान लेते हुए पुलिस आयुक्त को जांच करने का आदेश दिया है कि आखिर जांच अधिकारी में गोली की आवाज से व्यक्ति पहचाने कि यह असाधारण क्षमता कैसे हैं और अंधेरे में एक आरोपी को पहचान लेने तथा अन्य दो को ना पहचान पाने के पीछे की क्या सच्चाई है। मामले में अगली सुनवाई 18 दिसंबर को होगी।
मामला जगदीशपुरा थाना क्षेत्र का है। थाने में 2025 में 61(2), 109(1), 352 बीएनएस. (भारतीय न्याय संहिता) के तहत एक मुकदमा दर्ज हुआ। इसमें मुठभेड़ के माध्यम से तुषार नाम के व्यक्ति की गिरफ्तारी की गई। यह जेल में बंद है। मामले में अपनी जमानत पर रिहाई की मांग कर रहा है। हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान पाया कि विवेचक देवी शरण सिंह ने एक पेन ड्राइव दी है जिसमें घटना के बाद की बारामदगी की कार्यवाहियों की प्रति होने की बात कही गई है। तथ्यों के अतिरिक्त, विवेचक (जांच अधिकारी), जो न्यायालय में उपस्थित हैं, ने कहा कि (बंदूक/हथियार) से चलने वाली गोलियों की आवाज सुनकर, उन्होंने आग्नेयास्त्र की आवाज पहचानकर अभियुक्त की पहचान की और अभियुक्त के बाएं पैर पर गोली चलाने का निशाना साधा। उन्होंने आगे कहा कि जहां तक अन्य दो सह-अभियुक्त व्यक्तियों का संबंध है, अंधेरे के कारण उनकी पहचान नहीं की जा सकी, लेकिन वर्तमान अभियुक्त की पहचान अंधेरे में भी गोली चलने की आवाज सुनकर की गई, न कि अभियुक्त की आवाज सुनकर। जांच अधिकारी ने अंधेरी रात में अभियुक्त के पैर पर भी निशाना साधा। इधर सवाल यह भी खड़े हुए केवल पैर को निशाना बनाया, जिससे शरीर का शेष भाग सुरक्षित रहा। हाईकोर्ट ने पुलिस आयुक्त को इस विषय में जांच करने का निर्देश दिया है कि विवेचक में यह असाधारण क्षमता कैसे है कि वे किसी व्यक्ति के चेहरे को देखे बिना या उसकी आवाज सुने बिना, केवल गोली चलने की आवाज से पहचान कर उसकी पहचान कर लेते हैं, और वे अंधेरे में वर्तमान अभियुक्त की पहचान कैसे कर सके जबकि अन्य सह-अभियुक्त व्यक्तियों की पहचान इस आधार पर और इस कारण से करने में विफल रहे कि अंधेरी रात थी। पुलिस आयुक्त उपरोक्त बिंदुओं पर दो सप्ताह के भीतर उनका स्पष्टीकरण मांगेंगे और अगले एक सप्ताह में उस पर की गई कार्रवाई प्रस्तुत करेंगे।










