आगरा। पुलिस अपर आयुक्त के द्वारा सोमवार को मलपुरा थाने का निरीक्षण किया गया। पुलिस अपर आयुक्त के अचानक थाने में पहुंचने पर खलबली मच गई। पुलिस अपर आयुक्त ने कार्यालय से संबंधित सभी रजिस्टर चेक किए। थानाध्यक्ष से उन्होंने कई सवाल जवाब किए। कुछ का वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
पुलिस अपर आयुक्त केशव चौधरी एक के बाद एक सभी थानों का निरीक्षण कर रहे हैं। वह यह देख रहे हैं कि थानों में फरियादियों की सुनवाई क्यों नहीं होती है? इसके अलावा थानों की वर्तमान स्थिति क्या है। जिस थाने से सबसे ज्यादा पीड़ित उनके पास पहुंच रहे हैं उस थाने का वह प्राथमिकता पर निरीक्षण कर रहे हैं। मलपुरा थाने से भी हर रोज उनके पास कई पीड़ित आते हैं, जिनकी शिकायत रहती है कि थाने में उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पुलिस अपर आयुक्त सोमवार को खेरागढ़ तहसील में तहसील दिवस में गए थे। यहां के बाद वह सीधे मलपुरा थाने में पहुंच गए। थाने में जैसे ही पुलिसकर्मियों को उनकी गाड़ी प्रवेश करते हुए दिखाई दी सभी इधर से उधर दौड़ने लगे। पुलिस अपर आयुक्त के थाने में आने की सूचना को लेकर एक बुजुर्ग महिला भी उनसे मिलने पहुंची, लेकिन जब तक पुलिस अपर आयुक्त पुलिस लाइन स्थित अपने कार्यालय में आ गए थे। बुजुर्ग महिला मलपुरा से पुलिस लाइन कार्यालय आई और उसने बताया कि थानाध्यक्ष के द्वारा उसकी कई दिनों से कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। पुलिस अपर आयुक्त ने एसीपी अछनेरा को महिला के घर पर जाकर सुनवाई करने के साथ समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए हैं। पूर्व में भी उनके द्वारा कई थानों का निरीक्षण किया जा चुका है। कई थानाध्यक्ष उनकी नजर में फेल साबित हो रहे हैं।











