आगरा। आगरा में मेट्रो रेल शुरू होने से पहले स्टेशनों के नाम बदलने की शुरुआत हो गई है। जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के नाम के बाद अब आगरा के बसई मेट्रो स्टेशन का नाम भी बदला जा रहा है। बसई मेट्रो स्टेशन अब शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के नाम से जाना जाएगा। इस संबंध में शासन से यूपीएमआरसी को पत्र जारी हो गया है। पीआरओ पंचानन मिश्रा ने बताया कि जल्द ही स्टेशन के बाहर नए नाम का बोर्ड लगा दिया जाएगा।
आगरा मेट्रो का पहले चरण में ताजमहल पूर्वी गेट से मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन तक ट्रैक तैयार किया गया है। फर्स्ट प्रायरिटी पर छह स्टेशन बनाए जा रहे हैं जिसमें तीन एलीवेट और तीन अंडरग्राउंड स्टेशन होंगे। 6 किलोमीटर के ट्रैक पर मेट्रो की गति व भार का ट्रायल हो चुका है। सुरक्षा आडिट का निरीक्षण करने के बाद रेलवे सेफ्टी जनक कुमार गर्ग ने आगरा में मेट्रो संचालन की अनुमति भी दे दी है। ऐसे में 10 मार्च तक मेट्रो का संचालन किया जा सकता है।उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन के मीडिया प्रभारी पंचानन मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को उन्हें शासन आदेश मिले हैं। जल्द ही बसई मेट्रो स्टेशन पर शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता का नाम अंकित कर दिया जाएगा।
विदित हो कि शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता आगरा के ताजनगरी फेस टू के निवासी थे। वे पिछले वर्ष नवंबर में जम्मू के राजौरी जिले में आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। कैप्टन शुभम गुप्ता के पिता बसंत गुप्ता डीजीसी हैं।











