आगरा/नई दिल्ली । फतेहपुरसीकरी से भाजपा सांसद राजकुमार चाहर ने गुरुवार को लोकसभा में दिल्ली की लुटियन जोन में मुगल आक्रांताओं के नाम की सड़कों के नाम देश के महापुरुषों के नाम पर रखने की मांग उठाई है।
सांसद चाहर ने कहा कि भारत की राजधानी दिल्ली और दिल्ली में लोकसभा, जहां हम हैं, इसके चारों तरफ से जब हम निकलते हैं, जो लुटियन जोन कहलाता है। बाबर ने तुगलक रोड़, अकबर रोड, हिमांयू रोड, दाराशिकोह रोड ये अनेक प्रकार के मुगल आक्रांताओं और लुटेरों के नाम पर रखे थे। कांग्रेस के जमाने से ये रोड चले आ रहे हैं, जो आज भी हैं। सांसद चाहर ने लोकसभा अध्यक्ष से निवेदन करते हुए सरकार से कहा कि इन मार्गो का नाम महाराणा सांगा, पृथ्वीराज चौहान, गुरु गोविंद सिंह, महाराजा सूरजमल, गोकुला जाट, छत्रपति शिवाजी महाराज, हेमू विक्रमादित्य आदि के नाम किया जाएं। इन सभी महापुरुषों ने मुगलों से लड़ाइयाँ लड़ीं और जिनके कारण आज हम सब अस्तित्व में हैं।











