आगरा। शाहगंज थाना क्षेत्र में भरोसे के रिश्ते को तोड़ते हुए एक पड़ोसी ने नकली सोना गिरवी रखकर करीब 11 लाख 75 हजार रुपये की ठगी कर डाली। आरोपी की पहचान सुशील चावलानी के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। मामला तब उजागर हुआ जब पीड़ित भीमसेन सचदेवा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दे रहा था।
बताया जा रहा है कि सुशील चावलानी अपनी मां की गंभीर बीमारी का हवाला देकर भीमसेन सचदेवा से पैसे उधार लेता था। भरोसा जीतने के लिए वह सोने के आभूषण गिरवी रखता रहा। धीरे-धीरे यह रकम बढ़कर 11.75 लाख रुपये तक पहुंच गई। जब पीड़ित को संदेह हुआ और सोने की जांच कराई गई, तो 244 ग्राम सोना नकली निकला। पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से नकली सोना तैयार कर गिरवी रखा था। पीड़ित के विरोध करने पर आरोपी द्वारा धमकी और गाली-गलौच करने के भी आरोप लगाए गए हैं। मामले के सामने आने के बाद अन्य संभावित पीड़ित भी आगे आ रहे हैं, जिससे आशंका है कि ठगी का दायरा और बड़ा हो सकता है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है और यह जांच की जा रही है कि कहीं उसने अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार तो नहीं बनाया।











