आगरा। सोमवार को जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने मारुति स्टेट क्रासिंग से बोदला चौराहे तक सड़क का निरीक्षण किया। जल निगम द्वारा सड़क रीस्टोर के कार्य ठीक से न करने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।
दोपहर को डीएम मारुति स्टेट क्रासिंग पहुंचे। जल निगम द्वारा डाली गई सीवर लाइन के ले आउट को देखा। जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि सीवर लाइन का काम पूरा है। कनेक्शन भी दे दिए गए हैं। सड़क भी रीस्टोर कर दी गई है। डीएम ने सड़क रीस्टोर के कार्य को देखा और गुणवत्ताहीन था। उन्होंने तत्काल गुणवत्तापूर्ण तथा समय पर सड़क रीस्टोर करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक साल तक इस काम का मेंटीनेंस करने के लिए निर्देश दिए। मुख्य सड़क से किनारे तक माप करने के निर्देश दिए, जिसमें दो से तीन इंच का गैप पाया गया। इस पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सड़क पर सीवर मैनहोल तथा सड़क के तुरंत समतलीकरण तथा रीस्टोर कार्य को गुणवत्ता से संपन्न करने के लिए कहा। इसके बाद बोदला बिचपुरी मार्ग का निरीक्षण किया। बोदला इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। जगह जगह धंसी सड़क, नाला सफाई समस्याओं के बारे में बताया। डीएम ने अधिकारियों से सभी काम जल्द से जल्द पूरे करने के लिए कहा।











