आगरा। शनिवार को जिलाधिकारी बाह तहसील में समाधान दिवस में पहुंचे। फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया।
तहसील दिवस में कुल 140 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का निस्तारण तत्काल मौके पर कर दिया गया। शेष शिकायतों में अधिकांश मामले भूमि विवाद, अवैध अतिक्रमण, विद्युत आपूर्ति, पेंशन, राशन कार्ड, और समाज कल्याण से संबंधित थीं।शिकायतों का विभागवार विवरण इस प्रकार रहा- राजस्व विभाग – 48, पुलिस विभाग – 19, वन विभाग – सात, विद्युत विभाग – पांच, समाज कल्याण विभाग – आठ, खाद्य एवं रसद विभाग– 12, विकास विभाग– 36 और अन्य विभागों की पांच शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने भूमि विवादों पर विशेष ध्यान देते हुए राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निस्तारण की सूचना संबंधित शिकायतकर्ता को दी जाए और प्रत्येक शिकायत की अद्यतन स्थिति को पोर्टल पर अपडेट किया जाए।उन्होंने यह भी बताया कि आगरा जनपद ने आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश स्तर पर 14वां स्थान प्राप्त किया है और लखनऊ से प्राप्त फीडबैक में भी जनपद ने अच्छा प्रदर्शन किया है।











