आगरा। सोमवार सुबह राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के हेलीकॉप्टर की आगरा खेरिया एयरपोर्ट पर आपात लैडिंग करानी पड़ गई। उनके एयरपोर्ट पर उतरने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने एयरपोर्ट के लिए दौड़ लगा दी। एयरपोर्ट पर वह करीब एक घंटे रुके।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज सुबह दिल्ली एयरपोर्ट से जयपुर के लिए सुबह 11.40 बजे हेलीकॉप्टर से उड़ान भरी थी। सुबह पूरे उत्तर भारत में घने कोहरे की चादर बिछी थी। कोहरा हल्का होने पर पायलट ने टेक ऑफ किया। जब हेलीकॉप्टर आगरा के एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के दायरे में आया। उसी समय जयपुर में घना कोहरा और मौसम खराब होने की सूचना मिली। इस पर आगरा एटीसी ने हेलीकॉप्टर की खेरिया एयरपोर्ट पर आपात लैडिंग कराई। एयरपोर्ट मैनेजमेंट ने स्थानीय प्रशासन को सूचना दे दी। इस पर प्रशासनिक अधिकारी भी वहां पहुंच गए। कोहरा छंटने के बाद मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का हेलीकॉप्टर आगरा से दोपहर 1.15 बजे जयपुर के लिए रवाना हो गया।











