आगरा। आगरा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर अनुराग शुक्ला ने उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय से अपनी जान को खतरा बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सुरक्षा मांगी है।
बता दें कि वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर अनुराग शुक्ला को निलंबित कर दिया गया था। कमिश्नर के आदेश पर डॉक्टर सीके गौतम को प्राचार्य बना दिया गया है। शासन के आदेश के खिलाफ प्रोफेसर अनुराग शुक्ला हाईकोर्ट गए थे। हाईकोर्ट ने शासन के निलंबन के आदेश को स्टे कर दिया था। फिर भी उन्हें चार्ज नहीं मिल रहा है।
प्रो. शुक्ला ने अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। उसमें कोर्ट के आदेश का पालन कराने की मांग की है। पत्र में लिखा है कि डॉ. गौतम वरिष्ठता में 16 नंबर पर हैं। प्रो. शुक्ला ने आरोप लगाया है कि डॉ. गौतम खुलेआम कह रहे हैं कि किसी भी कोर्ट का आदेश हो, प्रो. शुक्ला को प्राचार्य नहीं बनने दिया जाएगा।
प्रो. शुक्ला ने अपने पत्र में मुख्यमंत्री को लिखा है कि उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय आगरा कॉलेज के पूर्व छात्र भी हैं। प्रो. शुक्ला ने उनसे खुद को और परिवार को खतरा बताया है और सशस्त्र सुरक्षा की मांग की है जो 24 घंटे उनके साथ रहे। इधर मामले में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय से उनका पक्ष जानने के लिए उन्हें मैसेज किया गया लेकिन उनका कोई रिप्लाई नहीं आया।











