आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा का 92वां दीक्षांत समारोह कल मनाया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी।79,832 विद्यार्थियों को उपाधियां और 170 शोध उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
समारोह में 64 मेधावी छात्र-छात्राओं को 76 स्वर्ण और 12 रजत सहित कुल 88 पदकों से सम्मानित किया जाएगा।
इनमें 46 छात्राओं को 63 और 18 छात्रों को 25 पदक मिलेंगे। कुल 88 पदकों में 76 स्वर्ण और 12 रजत पदक शामिल हैं। स्नातक स्तर पर 25, स्नातकोत्तर स्तर पर 45 और प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में 18 पदक प्रदान किए जाएंगे। कल के दीक्षांत समारोह की रविवार को रिहर्सल भी हुई। रिहर्सल की शुरुआत कुलपति, विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं शिक्षकों की पारंपरिक शोभायात्रा से हुई। इसके बाद मेधावी विद्यार्थियों को पदक, उपाधि एवं पुरस्कार प्रदान करने की संपूर्ण प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। विश्वविद्यालय मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘पर्यावरण गीत’ पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर समारोह की भव्यता में चार चांद लगा दिए। समारोह में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) के चेयरमैन प्रो. पंकज अरोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय तथा राज्यमंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में रहेंगे।










