आगरा। एत्मादपुर थाना क्षेत्र के जंगल में गन फैक्ट्री चल रही थी। एसओजी ने कई लोगों को गिरफ्तार कर इसका भंडाभोड़ किया है।
एसओजी ने छोटा सुरेरा के जंगल में चल रही इस फैक्ट्री से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने शुभम शर्मा, आदिल, राशिद हुसैन, आसिफ और प्रिंस नागवानी को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जंगल में छिपकर अवैध हथियार तैयार करते थे और ऑर्डर मिलने पर उनकी सप्लाई करते थे। पुलिस के मुताबिक शुभम शर्मा और आदिल आगरा में अवैध हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क संभालते थे, जबकि प्रिंस नागवानी फिरोजाबाद, एटा और आसपास के जिलों में हथियार पहुंचाने का काम करता था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध तमंचे, एक पिस्टल, कारतूस, अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के उपकरण, तीन एलपीजी गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की। मौके से बरामद मशीनें और उपकरण इस बात की पुष्टि करते हैं कि जंगल में ही हथियारों का निर्माण किया जा रहा था। जांच का फोकस इस बात पर है कि अब तक कितने हथियार तैयार कर बेचे गए, किन-किन जिलों में उनकी सप्लाई की गई और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विभिन्न जिलों में भी जानकारी जुटा रही है।










