आगरा। शाहगंज में एक बड़ा ही अजीब मामला सामने निकल कर आया है। संपत्ति बेचने का विरोध कर रही पत्नी को पति ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। चीख-पुकार सुन बेटा कमरे पर पहुंचा तो पिता वहां से भाग गया। बेटा मां को एसएन लेकर गया। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पथौली की रहने वाली अनीता पत्नी राकेश दूध बेचने का काम करती थीं। छोटा बेटा अर्जुन उनके साथ रहकर दूध का काम करता है। पति राकेश को नशे की लत है, पत्नी से आए दिन मारपीट करता था। पिता और बड़ा भाई खेत और भूखंड बेचना चाहते थे। दोनों का मूल्य एक करोड़ से अधिक है। मां अनीता और वह खेत व भूखंड बेचने का विरोध कर रहे थे। इसे लेकर परिवार में कई वर्ष से विवाद चल रहा था। मां से मारपीट का विरोध करने पर पिता राकेश शर्मा दो वर्ष पूर्व पास के गांव सुचेता में जाकर रहने लगे। बड़ा बेटा करन भी अपनी पत्नी सपना के साथ सुचेता में ही किराए पर रहता है। अर्जुन ने पुलिस को बताया मंगलवार रात करीब एक बजे पिता घर पर आए। पूछने पर कहने लगे कि कुछ काम है। वह घर के बराबर में बने पशुओं के बाड़े में सोने चला गया। रात दो बजे मां की चीखें सुनकर आंख खुली, भागकर कमरे पर आया तो उन्हें लपटों में घिरा देखा। कमरे में रखा सामान भी जल गया था। उसे देख पिता भाग गए। वह मां को एसएन इमरजेंसी लेकर गया, वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार दोपहर आरोपित राकेश शर्मा को पुलिस ने पकड़ लिया। उसका चेहरा और दोनों हाथ झुलसे हुए थे।











