आगरा। मनसुखपुरा में शनिवार रात लकड़बग्घा खेतों की रखवाली को लगे कंटीले तारों की बाड़ में फंस गया। रविवार दोपहर ग्रामीणों ने उसे तारों में फंसा देख वन विभाग को सूचना दी। वन कर्मियों ने एसओएस की टीम के साथ कई घंटे प्रयास के बाद उसे मुक्त कराया।
गांव पलोखरा में लकड़बग्घा शनिवार रात खेत के किनारे फसल बचाने के लिए लगे तारों में फंस गया था। रविवार सुबह करीब नौ बजे ग्रामीण खेतों की ओर आए। उन्होंने लकड़बग्घे को अपने स्तर से छुड़ाने का प्रयास किया। लकड़बग्घे को हिंसक होता देख वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग के कर्मचारियों को डर था कि रेस्क्यू के दौरान लकड़बग्घा उन पर हमला बोल सकता है। उन्होंने अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद वाइल्ड लाइफ एसओएस की टीम को बुलाया गया। वन विभाग और एसओएस की टीम ने करीब दो घंटे संयुक्त प्रयास के बाद लकडबग्घे को तारों से मुक्त कराया।











