आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण के नवागत उपाध्यक्ष ने गुरुवार को मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण, नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत विकसित की जा रही ग्रेटर आगरा योजना और ग्राम ककुआ-भांडई स्थित अटलपुरम टाउनशिप का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, हरित क्षेत्र के विकास और निर्धारित समयसीमा को लेकर अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अटलपुरम में विकास कार्यों की अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
ग्रेटर आगरा योजना के अंतर्गत तीन हिस्सों में बनाए जा रहे 45 मीटर चौड़े महायोजना मार्ग का निरीक्षण किया गया। मौके पर निर्माण कार्य चलता हुआ मिला। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने आरसीसी कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अभियंताओं और कार्यदायी फर्म के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि आरसीसी कार्यों में निर्धारित मानकों के अनुरूप नियमित रूप से क्यूरिंग कराई जाए। उन्होंने निर्माण कार्य की समयावधि और प्रगति को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के लिए आवश्यक सूचना प्रदर्शक बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि मौके पर कार्य की समयसीमा और प्रगति की जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध रहे। ग्रेटर आगरा योजना में निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को सतर्क किया। उन्होंने परियोजना प्रबंधन कंसलटेंट (पीएमसी) को निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांच के लिए लिए जाने वाले सभी सैंपल योजना के अवर अभियंता अथवा सहायक अभियंता की मौजूदगी में ही लिए जाएं। इससे निर्माण सामग्री की जांच प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया है। अटलपुरम टाउनशिप क्षेत्र में सिंचाई विभाग की नहर के आने वाले हिस्से को लेकर भी निर्देश दिए गए। ईपीसी एजेंसी को नहर वाले हिस्से की गहराई बढ़ाने और निर्धारित चौड़ाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि टाउनशिप के विकास कार्यों के साथ नहर की संरचना भी निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे। निरीक्षण के दौरान नवागत उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि दोनों योजनाओं में विकास कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही मौके पर सामने आने वाली कमियों का तत्काल संज्ञान लेकर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।











