आगरा। पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को कल स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों की सूची जारी कर दी गई है। सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों को साथी पुलिसकर्मी बधाई दे रहे हैं। एक पुलिसकर्मी को मुख्यमंत्री का वीरता पदक भी मिलेगा।
आईपीएस अधिकारियों में एडिशनल डीसीपी सिटी आदित्य कुमार को डीजीपी के सिल्वर प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा। धर्मांतरण गिरोह का पर्दाफाश करने में उनका अहम योगदान रहा है। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने उनकी कार्य शैली की बीते दिनों आगरा में आए मुख्यमंत्री से भी प्रशंसा की थी। आदित्य कुमार की गिनती अच्छे और मेहनती अधिकारियों में होती है। आगरा में उन्होंने अब तक कई घटनाओं का खुलासा किया है। इनके अलावा एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी, एसीपी सैया सुकन्या शर्मा और एसीपी छत्ता पीयूष कांत राय को डीजीपी के सिल्वर प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा। एसीपी मयंक तिवारी के द्वारा मुठभेड़ के बाद कई बड़े अपराधियों को पकड़ा गया है। इसके साथ ही कई घटनाओं का बिना सर्विलांस मदद से खुलासा किया है। कुछ घटनाएं तो ऐसी थी जिनके बाद तनाव के हालात फैल सकते थे लेकिन उन्होंने नहीं फैलने दिए। एसीपी पियूषकांत राय और सुकन्या शर्मा की बात करें तो उन्होंने भी कई बड़ी घटनाओं का खुलासा किया है और अपराधियों को पकड़ा है। एसीपी सुकन्या शर्मा काफी व्यवहार कुशल मानी जाती हैं। एसीपी पियूषकांत राय को भी काफी सुलझा हुआ अधिकारी माना जाता है। वह बिना क्रेडिट लिए विभाग के लिए कार्य करते रहते हैं। इंस्पेक्टरों में इंस्पेक्टर सिकंदरा नीरज शर्मा, इंस्पेक्टर ताजगंज जसवीर सिरोही को डीजीपी का सिल्वर प्रशंसा चिन्ह, इंस्पेक्टर पिनाहट राजेश कुमार को उत्कृष्ट सेवा सम्मान, जैतपुर के इंस्पेक्टर अपराध सतीश कुमार को डीजीपी के सिल्वर प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा। पुलिस आयुक्त पेशी में तैनात उप निरीक्षक यतेंद्र कुमार को डीजीपी के सिल्वर प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा। उपनिरीक्षक श्याम सुंदर को उत्कृष्ट सेवा सम्मान दिया जाएगा। श्याम सुंदर के बेटे भी आईपीएस हैं। श्याम सुंदर हाल ही में चौकी प्रभारी बालूगंज बनाए गए हैं। यह काफी व्यवहार कुशल माने जाते हैं। अच्छे और कर्मठ पुलिसकर्मियों में उनकी गिनती होती है। उनकी कार्य शैली की वजह से ही अधिकारी उन्हें बहुत पसंद करते हैं। पुलिस लाइन में तैनात उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार शर्मा और डीसीपी पश्चिम कार्यालय में सर्विलांस प्रभारी अनुज कुमार को डीजीपी के सिल्वर प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा। पुलिस लाइन में तैनात मुख्य आरक्षी अरविंद कुमार को मुख्यमंत्री वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। कांस्टेबलों में सर्विलांस सेल में तैनात प्रिंस कौशिक, पश्चिमी एसओजी में तैनात धीरज कुमार और पुलिस कमिश्नर की एसओजी में तैनात पुष्पेंद्र कुमार को डीजीपी के सिल्वर प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा।
इधर इंस्पेक्टर नीरज शर्मा ने ज्वैलर्स हत्याकांड में बदमाश के एनकाउंटर में अहम भूमिका निभाई थी। इसलिए उन्हें डीजीपी का सिल्वर प्रशंसा चिन्ह मिल रहा है। उनकी गिनती आगरा के तेज तर्रार इंस्पेक्टर में होती है। कई बड़ी घटनाओं का उन्होंने अपने दम पर चंद घंटे में ही खुलासा किया है। इंस्पेक्टर जसवीर सिरोही भी ताजगंज में एक के बाद एक कई शानदार कार्य कर रहे हैं, जिसके बाद उन्हें डीजीपी का सिल्वर प्रशंसा चिन्ह मिल रहा है।













