आगरा। ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच बन रहे प्रथम कॉरिडोर के प्रायोरिटी सेक्शन में सफलतापूर्वक मेट्रो परिचालन शुरू होने के बाद, यूपीएमआरसी द्वारा आगरा मेट्रो के प्रथम कॉरिडोर के शेष भूमिगत भाग मन:कामेश्वर से आरबीएस कॉलेज को समय पर पूरा करने के लिए तेज गति के साथ कार्य किया जा रहा है।
यूपी मेट्रो ने एक नई सफलता हासिल करते हुए आईएसबीटी से मन:कामेश्वर मेट्रो स्टेशन के बीच अप लाइन में ट्रैक बिछाने का काम पूरा कर लिया है। इसी क्रम में मनकामेश्वर से आगे इसी सप्ताह ट्रेन का ट्रायल रन आरंभ होगा और जल्द ही शेष भाग में संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
बता दें कि आईएसबीटी से मन:कामेश्वर के बीच में अप और डाउन मिलाकर लगभग 12 कि.मी. ट्रैक बिछाने का काम किया जा रहा है। इस भाग में अब तक अप लाइन में काम पूरा हो गया है, जबकि डाउन लाइन में भी 50 प्रतिशत से अधिक ट्रैक बिछ कर तैयार हो गया है। अप और डाउन लाइन में ट्रैक के साथ ही काम थर्ड रेल, सिग्नलिंग आदि का काम भी किया जा रहा है।आईएसबीटी से सिकंदरा तक शेष खंड के एलिवेटेड खंड पर सिविल कार्य भी तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। इसी प्रकार दूसरे कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक का निर्माण कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, ताकि परियोजना को समय पर पूरा किया जा सके और आगरा के लोगों को समयबद्ध तरीके से विश्व स्तरीय मेट्रो प्रणाली प्रदान की जा सके।











