आगरा। सिकंदरा के शास्त्रीपुरम में मंगलवार शाम को एक पति ने अपनी दूसरी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वह खुद थाने सरेंडर करने के लिए पहुंच गया। थाने में पहुंचकर उसने पुलिसकर्मियों से कहा कि मैं अपनी पत्नी की हत्या करके आ रहा हूं। मुझे गिरफ्तार कर लीजिए। यह सुनकर पुलिसकर्मी कुर्सियों से खड़े हो गए। तत्काल फ्लैट में पहुंचकर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शास्त्रीपुरम निवासी उदय सिंह फ्लैट में अपने परिवार के साथ रहते थे। पहली पत्नी से विवाद होने के बाद वह गांव चली गई हैं। साडे तीन साल से वह दूसरी पत्नी के साथ रह रहे हैं। कई दिनों से दोनों के बीच में झगड़ा चल रहा है। मंगलवार को भी किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस कर्मियों से आरोपी पति बोला उसे पत्नी की हत्या करने का कोई गम नहीं है। हत्या की खबर से सोसाइटी में भी सनसनी फैल गई। भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिसकर्मियों ने बताया कि दोनों का डेढ़ साल का एक बच्चा भी है। सूचना पर पुलिस अपर उपायुक्त अरुण चंद भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अपर उपायुक्त ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।











