आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 20 अगस्त को दीक्षांत समारोह प्रस्तावित है। इसमें एमबीबीएस के छात्र शिखर सिंह को सर्वाधिक 10 मेडल मिलेंगे। इनमें नौ स्वर्ण और एक रजत पदक शामिल हैं।
यह विश्वविद्यालय का 91वां दीक्षांत समारोह होगा। दीक्षांत समारोह की बड़े स्तर पर तैयारियां भी चल रही हैं। कुलपति प्रोफेसर आशु रानी के द्वारा रोजाना प्रोफेसरों के साथ बैठक की जा रही है। दीक्षांत समारोह खंदारी परिसर के शिवाजी मंडप में मनेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपनी वेबसाइट पर 87 पदक और उसके दावेदारों की प्रस्तावित सूची जारी कर दी है। अगर किसी को कोई अपनी आपत्ति दर्ज करानी है तो उनके लिए अंतिम तिथि सात अगस्त रखी गई है। कुछ पदकों की अभी सूची तैयार नहीं हुई है। क्योंकि कुछ कोर्सों का परिणाम अभी जारी नहीं हुआ है। विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द से जल्द बचे हुए परिणाम निकालने में जुटा हुआ है।











