आगरा। यमुना अथॉरिटी के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेंद्र प्रताप को आगरा का मंडलायुक्त बनाया गया है। देर शाम शासन से आदेश जारी हो गया है।
मंडलायुक्त पद पर तैनात शैलेंद्र सिंह आज सेवानिवृत हो गए हैं। उनके सेवानिवृत होने के बाद यमुना अथॉरिटी में तैनात आईएएस नगेंद्र प्रताप को आगरा मंडलायुक्त पद की कमान दी गई है। आगरा उनके लिए नया नहीं है। आगरा और मथुरा में उनकी लंबी सेवाएं रही हैं। आगरा में वह सिटी मजिस्ट्रेट, अपर जिलाधिकारी प्रोटोकॉल और फाइनेंस, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, आरएफसी, आगरा विकास प्राधिकरण में सचिव, कमिश्नरी में अपर आयुक्त आदि महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। मथुरा में वह दो बार मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रहे हैं। इसके साथ ही ब्रज तीर्थ विकास परिषद में मुख्य कार्यपालक अधिकारी रहे हैं। ब्रज तीर्थ विकास परिषद में रहते हुए उन्होंने मथुरा में काफी विकास कार्य कराया है। उनकी गिनती प्रदेश में ईमानदार और धरातल पर काम करने वाले अधिकारियों में होती है। वह बांदा के जिलाधिकारी और आयुष विभाग के महानिदेशक भी रहे हैं। वह काफी व्यवहार कुशल माने जाते हैं।











