आगरा। उटंगन नदी में लापता 6 लोगों में से एक युवक का शव सोमवार को और मिल गया है। अब पांच की तलाश में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना जुटी हुई है। गायब युवकों को आज पांचवां दिन है। इसलिए जो नहीं मिले हैं उनके परिवार का धैर्य जवाब दे रहा है। जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर लगातार लोगों के बीच में बने हुए हैं और उन्हें सान्त्वना दे रहे हैं।
कुशियापुर गांव के लोग गुरुवार दोपहर देवी मूर्तियों को विसर्जन के लिए डूंगरवाला गांव के पास लेकर आए थे। विसर्जन के दौरान 13 लोग उटंगन नदी में डूब गए थे। हादसे में 7 युवकों के शव मिल चुके हैं। एक का उपचार चल रहा है। 5 लोग अभी लापता हैं। सोमवार को एक और शव मिल गया है। मृतक का नाम वीनेश बताया जा रहा है। जैसे ही उसका शव मिला लोगों की उसे देखने को भीड़ आगे बढ़ने लगी। पुलिस ने सभी को रोका। परिवारीजन बिलख रहे थे। शेष पांच की तलाश भी तेज कर दी गई है। पानी का बहाव रोकने से शव खोजने में आसानी हो रही है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद है। एसीपी इमरान अहमद पांच दिन से मौके पर कैम्प किए हुए हैं।











