आगरा। भाजपा नेता के साथ ड्यूटी छोड़कर उनके साथ जाने के मामले में एक और सिपाही निलंबित कर दिया गया है। भाजपा नेता के चक्कर में तीसरे पुलिसकर्मी पर निलंबन की कार्रवाई हुई है। इसके बाद पुलिसकर्मियों के बीच में खलबली मच गई है।
भाजपा नेता मनसुखपुरा क्षेत्र के गांव शाहपुर खालसा में एक सभा करने गए थे। बिना जानकारी के दो पुलिस कर्मी उनकी सभा में उनकी सुरक्षा में बॉडीगार्ड बनकर गए थे। वीडियो वायरल होने के बाद डीसीपी पूर्वी रवि कुमार ने एसआई रविंद्र कुमार और कांस्टेबल जनमेश को निलंबित कर दिया था। दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। पूछा गया था कि ड्यूटी क्षेत्र छोड़कर वह किसके आदेश से सभा में गए थे। वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके थे।
कार्रवाई के बाद एक फोटो सोशल मीडिया पर और वायरल हुआ। उसमें जो एक और सिपाही दिख रहा था उसकी पहचान ताजगंज थाने में तैनात सिपाही सोनू के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि सोनू की पंचवटी पर पिकेट में ड्यूटी रहती थी लेकिन वह भाजपा नेता के साथ उनका बॉडीगार्ड बनकर घूम रहा था। डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने सिपाही सोनू को निलंबित कर दिया है। उसे कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है।











