-गौरव प्रताप सिंह-
आगरा। आगरा के रंगीन मिजाज एक कोतवाल पर एक बार फिर से छेड़खानी और अश्लील हरकतें करने के आरोप लगे हैं। इस बार महिला दरोगा ने आरोप लगाए हैं। कोतवाल महिला से बोलते हैं कि मेरे कमरे में एसी लगा हुआ है, मेरे साथ ही सोया करो। कमिश्नर ने सीओ एत्मादपुर को मामले की जांच दी। एसीपी की रिपोर्ट पर पुलिस कमिश्नर ने इंस्पेक्टर और एसएसआई को निलंबित कर दिया है। पुलिस कर्मियों का आपस में कहना है पूर्व में कोतवाल जहां-जहां तैनात रहे हैं, उनकी आशिक मिजाजी की चर्चे सुर्खियों में रहे हैं। आगरा में कुछ ही महीने हुए हैं उन्हें आए और यहां तीन मामले अधिकारियों के पास पहुंच गए हैं।
नगर जोन के एक थाने में एक कोतवाल साहब तैनात हैं। खास बात यह है कि जहां-जहां वह तैनात रहे हैं उनकी आशिकी के चर्चे सुर्खियों में छाए रहे हैं। बुलंदशहर में जब वह तैनात थे, उस दौरान एंटी रोमियो स्कवॉड में तैनात महिला आरक्षी ने उन पर आपत्तिजनक व्हाट्सएप चैट करने का आरोप लगाया था। महिला आरक्षी ने थाना प्रभारी पर आरोप लगाते हुए एक वीडियो भी व्हाट्सएप चैट के साथ सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। वीडियो में महिला सिपाही ने आरोप लगाया था कि थाना प्रभारी उससे जबरन दोस्ती करने का दबाव बनाते हैं। इतना ही नहीं उसे आये दिन पिक करने पहुंच जाते हैं और कमरे पर चलने का प्रेशर डालते हैं। महिला सिपाही की वीडियो वायरल होने के बाद महकमे में हड़कम्प मच गया था।
अब वह आगरा में आ गए तो यहां भी रंगीनमिजाजी की चर्चा थाने में खूब होती रही। अधिकारियों के पास एक शिकायत पहुंची जिसको रफा दफा कर दिया गया। कुछ दिन पहले एक युवती के साथ उनकी चैट वायरल हो गई। इसके कुछ अंश अधिकारियों तक पहुंचे। कोतवाल साहब एक युवती से घर आने की कहते हैं। इस पर युवती ने लिखा कि हमारे मकान पर एलाऊ नहीं है। भइया-भाभी ने बोल रखा है। मकान मालिक हैं, जहां हम रहते हैं। इसके जवाब में कोतवाल की तरफ से गुस्से वाला इमोजी भेजा गया है। अधिकारियों तक मामला पहुंच गया तो उन्होंने जांच शुरू कर दी है। अब कोतवाल साहब ने एक और नया कांड कर दिया है। वह अपनी हरकत से बाज नहीं आए। इस बार एक प्रशिक्षु महिला दरोगा ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई। महिला दरोगा ने कहा है कि 14 मार्च को उसने थाने में आमद कराई थी। इंस्पेक्टर ने उसे अश्लील मैसेज भेजना शुरू कर दिया। वह जब भी थाने में अकेले देखते उसके साथ अश्लील हरकतें करते हैं। होली के दिन तो उसे इस बात पर धमकाया कि तुम्हारी रपट लिख दूंग। महिला दरोगा का आरोप है, इंस्पेक्टर उसे अपने कमरे पर आने के लिए कहते हैं। वह बोलते हैं मेरे कमरे में एसी है वही सोया करो। जब महिला दरोगा ने बाहर कमरा लेना चाहा तो इंस्पेक्टर ने रपट लिख दी और कहा तुम थाने में ही रहोगी। इंस्पेक्टर ने उसे यह भी कह दिया है तुम कहीं शादी नहीं करोगी। मेरे साथ ही रहोगी। मैं तुमसे शादी करना चाहता हूं। पुलिस कमिश्नर ने इंस्पेक्टर और एसएसआई को निलंबित कर दिया है। इंस्पेक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज होता है या नहीं इस पर भी सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।











