आगरा। शुक्रवार को गणतंत्र दिवस पर आईजी दीपक कुमार और दो डीसीपी सहित 20 पुलिसकर्मियों को पदक और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
शुक्रवार सुबह परेड के साथ गणतंत्र दिवस कार्यक्रम का आयोजन शुरू हुआ। इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, एडीजी जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ, आईजी रेंज दीपक कुमार, पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौड द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल द्वारा आईजी रेंज आगरा दीपक कुमार को भारत सरकार की ओर से उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सराहनीय सेवा पदक, डीसीपी पश्चिम सोनम कुमार को डीजी गोल्ड प्रशंसा चिह्न, डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय को डीजी का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कमिश्नरेट के 18 पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा चिह्न और सिल्वर पदक मिला। एसआई राम नरायन कुरील, मुख्य आरक्षी जसवंत सिंह, चालक श्याम सिंह को सेवा अभिलेख के आधार पर सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न, मुख्य आरक्षी श्याम सुंदर को प्रशस्ति पत्र, शौर्य के आधार पर सिल्वर चिह्न, एसआई रतिभान सिंह, एसआई राकेश, एसआई ज्ञानेंद्र सिंह, एसआई गौरव कुमार, एसआई नीरज कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर आशीष शाक्य, पुलिस आयुक्त की एसओजी टीम के मुख्य आरक्षी औसान सिंह, मुख्य आरक्षी रोहित यादव, मुख्य आरक्षी सुनील कुमार, (स्थानांतरित), आरक्षी चालक अवधेश कुमार, आरक्षी विजय पाल, कुलदीप शर्मा, आमिर खान और राजीव पाराशर को दिया गया। इस मौके पर पुलिस अपर आयुक्त केशव चौधरी, जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी, डीसीपी पूर्वी रवि कुमार, एएसपी आदित्य आदि उपस्थित रहे।












