आगरा। थाना एत्माद्दौला के जीर्णोद्धार और नवीनीकरण का बुधवार को पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतिदंर सिंह ने उद्घाटन किया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि जल्दी शहर के अन्य थानों का नवीनीकरण किया जाएगा। थानों में फरियादियों और पुलिसकर्मियों के लिए अच्छी व्यवस्था होना शासन और पुलिस कमिश्नरेट की प्राथमिकता है।
एत्माद्दौला थाने की बिल्डिंग का नवीनीकरण किया गया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह और अपर पुलिस आयुक्त केशव कुमार ने फीता काटकर उद्घाटन किया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि लगातार थानों का नवीनीकरण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों से पुलिस का संवाद बना रहना चाहिए। उन्होंने लोगों से क्षेत्र की समस्याओं के बारे में भी जाना। डॉक्टर अरविंद यादव ने सुझाव दिया कि चौराह पर जाम न रहे, इसके लिए चौराहे से पहले यू टर्न बनाए जाएं। वहीं कुछ लोगों ने ट्रांस यमुना थाने का नाम बदलने की मांग उठाई। उनका कहना था कि ट्रांस यमुना कॉलोनी एत्माद्दौला में आती है, जबकि ट्रांस यमुना थाने में दूसरे क्षेत्र है। पुलिस आयुक्त ने कहा कि इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा। पुलिस आयुक्त ने यह भी कहा कि जल्दी ही सिकंदरा थाने के पीछे बड़ा माल खाना बनाया जाएगा। इस अवसर पर डीसीपी सिटी सूरज राय, एसपी इंटेलिजेंस सुकृति माधव, डीसीपी सोनम कुमार, पुलिस अपर उपायुक्त प्रोटोकॉल शिवराम यादव, पुलिस अपर उपायुक्त ट्रैफिक अरुण चंद्र, एसीपी छत्ता आरके सिंह, इंस्पेक्टर राजकुमार, इंस्पेक्टर क्राइम मनोज कुमार, एसएसआई राम प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर छत्ता अनुराग शर्मा, थानाध्यक्ष ट्रांस यमुना सुमनेश विकल, एंटी रोमियो प्रभारी रंजन गुप्ता, टीआई आशुतोष कुमार सिंह आदि मौजूद रहीं।












