-गौरव प्रताप सिंह-
आगरा। डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय ने परीक्षाओं के बीच में केंद्रों की तीसरी सूची जारी कर दी है। यह सूची वेबसाइट पर सार्वजनिक नहीं की गई है। इस सूची में भी एक ही मैनेजमेंट के कॉलेजों को आपस में केंद्र बनाये जाने की खबर है। इसके साथ ही कुछ केंद्र बदले जाने की भी खबर है लेकिन इसकी जानकारी भी सार्वजनिक नहीं की गई है।
जिन-जिन कॉलेजों के केंद्र बदले गए हैं उनकी लॉगिन पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सूचना डाल दी है। केंद्र बदले जाने के संबंध में पीआरओ प्रोफेसर प्रदीप श्रीधर से जब सूची मांगी गई तो उनका कहना है कि परीक्षा नियंत्रक द्वारा उन्हें सूची उपलब्ध नहीं कराई गई है। इसके बाद प्रति कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा से सूची के संबंध में बात की गई तो उनका भी यही कहना था कि उन्होंने दोपहर में परीक्षा नियंत्रक से सूची मांगी थी। परीक्षा नियंत्रक ने उनसे कहा कि वह उन्हें भेज रहे हैं, लेकिन देर रात तक भी उन्हें नहीं भेजी गई है। कुलपति प्रोफेसर विनय पाठक से भी सूची मांगी गई तो उन्होंने भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया है।
सवाल खड़े हो रहे हैं कि जब कुलपति कंप्यूटर साइंस के छात्र रहे हैं और हर समय यही बात करते हैं कि सारी चीजें सार्वजनिक होनी चाहिए फिर आखिर उनके कार्यकाल में सूची वेबसाइट पर सार्वजनिक क्यों नहीं हो रही? क्या वे नहीं चाहते हैं कि पारदर्शिता के साथ परीक्षाएं हो?











