आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल आगरा आ रहे हैं। वह तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगे। बताया जा रहा है कि इन तीनों सीटों पर भाजपा को सपा और सपा रालोद गठबंधन से कड़ी टक्कर मिल रही है।
योगी आदित्यनाथ सोमवार को आगरा की तीन सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील करेंगे, जिसमें आगरा की एत्मादपुर, फतेहाबाद और फतेहपुर सीकरी की विधानसभा सीट शामिल हैं।
सबसे पहले सीएम योगी आगरा की फतेहपुर सीकरी विधानसभा सीट के लिए प्रचार करेंगे। यहां से पार्टी ने चौधरी बाबूलाल को प्रत्याशी बनाया है।
इसके बाद आगरा में फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे। यहां से भाजपा प्रत्याशी छोटे लाल वर्मा के लिए मतदान करने की लोगों से अपील करेंगे।
अंत में वह आगरा एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे और यहां भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर धर्मपाल सिंह के लिए मतदान करने की अपील करेंगे।











