आगरा। सोमवार को आगरा कानपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। एक अज्ञात ट्रक ने स्कूटी पर आ रहे भाई बहन को रौंद दिया। बहन की मौके पर ही मौत हो गई। भाई को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
टूंडला निवासी सतेंद्र पश्चिम बंगाल में बीएसएफ में तैनात हैं। सत्येंद्र का बेटा आलोक और बेटी नम्रता सोमवार सुबह 11:00 बजे टूंडला से आगरा खरीदारी करने के लिए आ रहे थे। बूढ़ी के नगला पर पीछे से आ रहे ट्रक ने दोनों को रौंद दिया। नम्रता हेलमेट लगाई थी फिर भी उसके सिर में गंभीर चोट लगी। हादसा होता देख राहगीरों ने दोनों भाई बहन को बचाने के लिए दौड़ लगाई। वह उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज में ले गए। चिकित्सकों ने नम्रता को मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की सूचना पर मां और अन्य परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पश्चिम बंगाल में पिता को सूचना दी गई। वह वहां से चल दिए हैं। परिवारीजन पोस्टमार्टम होने का इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद वह शव को फिरोजाबाद ले जाएंगे।











