आगरा। आज सुबह सदर में एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। युवक का शव घर से कुछ दूरी पर स्थित एक खेत में मिला। पुलिस के द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्यारों की तलाश शुरू कर दी गई है।
छोटी बस्ती निवासी 24 वर्षीय शोरू का आज सुबह घर के पास ही शव मिला। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए और शव देखकर बदहवास हो गए। परिजनों के मुताबिक शोरू रोज की तरह बुधवार सुबह करीब सात बजे काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। काफी समय बीतने के बाद जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। लोगों ने बताया उनके बेटे का शव खेत मे पड़ा है। मृतक का चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत था। चेहरे और सिर पर गहरे चोट के निशान थे। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने किसी भारी पत्थर या ठोस वस्तु से कई वार कर उसकी हत्या की। शव के आसपास खून के निशान भी मिले हैं, जिससे संभावना है कि हत्या घटनास्थल पर ही की गई। मृतक शोरू की शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी। शादी के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक हुई इस वारदात ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि माता-पिता और अन्य परिजन घटना के बाद से गहरे आघात में हैं।











