आगरा। हाईवे पर लूट करने वाले लुटेरों को पकड़ने के लिए पुलिस ताबड़तोड़ दबिश दे रही है, जिसके बाद तीन लुटेरों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण के लिए प्रार्थना पत्र डाला था। न्यायालय में आने की सूचना पर शनिवार को न्यायालय छावनी में तब्दील हो गया। भारी संख्या में पुलिसकर्मी प्राइवेट कपड़ों में घूमते रहे, लेकिन न्यायालय बंद होने तक एक भी लुटेरा सरेंडर करने के लिए नहीं आया।
बता दें कि मंगलवार रात आगरा दिल्ली हाईवे पर न्यू आगरा और हरीपर्वत क्षेत्र में लुटेरों ने तीन लूट की थी। लूट में आलोक यादव का नाम सामने आया था। पुलिस उसके कई साथियों के नजदीक है लेकिन आलोक यादव और उसके खास कुछ साथियों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है। शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली आलोक सहित उसके दो साथी शोभित और निवेश ने न्यायालय में सरेंडर के लिए एप्लीकेशन डाली है। सूचना पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स दीवानी के आसपास फैल गया। डीसीपी सिटी सूरज राय भी सादा कपड़ों में इधर से उधर घूमते रहे। एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद भी कई पुलिसकर्मियों के साथ भेष बदलकर न्यायालय के बाहर खड़े रहे। वह शाम तक तीनों लुटेरों का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई भी नहीं आया। पुलिस कमिश्नर ने आलोक यादव पर 50 हजार का इनाम घोषित कर दिया है।











