आगरा। न्यू आगरा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति खुद को स्पेशल क्राइम ब्रांच का दरोगा बताकर दबंगई दिखा रहा था। एक युवक को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा था। बचाने के लिए उससे 50 हजार की डिमांड भी कर रहा था। युवक की शिकायत पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया ।
नगला पति जागेश्वर नगर के संदीप कुमार ने बताया कि उनके घर के पास काफी समय तक विनोद कुमार किराए पर रहता था। दो साल से उसने अपना पता बदल लिया। सादा कपड़ों में स्पोर्ट्स शूज, कमर में पिस्टल लगाकर वह लोगों में रौब दिखाता था। खुद को यूपी पुलिस की स्पेशल क्राइम ब्रांच में दरोगा बताता था। बीते सप्ताह विनोद ने उनसे कहा कि एक पुराना मुकदमा खुल रहा है उसमें तुम्हारा नाम भी आ रहा है। अगर गिरफ्तारी से बचना चाहते हो तो मामला निपटाने के लिए 50 हजार दे दो। संदीप और उसके जीजा को उसके दरोगा होने पर शक हुआ और पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।











