आगरा। शमसाबाद में बुधवार को एक मुस्लिम युवक को एक महिला के साथ पकड़े जाने पर उसकी पिटाई प्रकरण में तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें छुड़ाने के लिए पूर्व विधायक ने थाने का समर्थकों के साथ घेराव कर लिया। रात 2:30 बजे तक वह अपने समर्थकों के साथ थाने में जुटे रहे। लेकिन पुलिस ने तीनों युवकों को नहीं छोड़ा। आज वह एसीपी के समक्ष कोर्ट में पेश होंगे।
आगरा रोड पर डीपी होटल में बुधवार को एक युवक सलमान एक महिला के साथ होटल के कमरे में हिंदूवादी संगठनों के कुछ कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया था। सलमान को साथी महिला के साथ होटल में देखकर हिंदू संगठन के लोग आग बबूला हो गए और कमरे से निकलते ही सलमान के साथ जमकर मारपीट करने लगे। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस होटल पहुंची और युवक को थाने ले आई। होटल संचालक की तहरीर पर पुलिस ने 20 से 25 अज्ञात लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया था। शनिवार देर शाम पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को हिरासत में ले लिया था। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह सैकड़ों समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और नारेबाजी करते हुए पुलिस से युवकों की रिहाई की मांग करने लगे। सूचना पर एसीपी गिरीश कुमार सिंह, एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह मौके पर पहुंच गए। कई अन्य थानों के प्रभारी भी बुलाए गए। पूर्व विधायक इस बात पर अड़े रहे की वह अपने साथ तीनों युवकों को लेकर जाएंगे। इसी बात को लेकर पुलिस से उनकी देर रात तक बहस होती रही। रात 2:30 बजे तक वह थाने में धरने पर बैठे रहे। पुलिस ने कहा तीनों युवकों को जीडी में दाखिल कर दिया है इसलिए उन्हें नहीं छोड़ा जा सकता है। पुलिस ने तीनों का मेडिकल करा दिया है। आज उन्हें एसीपी के समक्ष कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस की कार्रवाई से पूर्व विधायक काफी आक्रोशित हैं।











