आगरा। हर घर तिरंगा अभियान के तहत एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा में मंगलवार को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का जोश देखने को मिला। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश देने के उद्देश्य से कॉलेज परिसर में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में मेडिकल, नर्सिंग और पैरामेडिकल संकाय के 400 से अधिक शिक्षक, छात्र-छात्राएं और कर्मचारी पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए।
रैली का नेतृत्व महाविद्यालय के प्रधानाचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने किया। बड़ी संख्या में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर रैली में सहभागिता की। सफेद कोट और हाथों में लहराते तिरंगे के साथ विद्यार्थियों की मौजूदगी ने पूरे परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। रैली प्रधानाचार्य कार्यालय से शुरू होकर रेडियोलॉजी विभाग तक पहुंची। इसके बाद रैली वापस प्रधानाचार्य कार्यालय होते हुए एसएन मेडिकल कॉलेज के पुस्तकालय परिसर में पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के उद्घोष से पूरा परिसर गूंज उठा। रैली में शामिल प्रतिभागियों के उत्साह और जोश ने स्वतंत्रता दिवस से पहले कॉलेज परिसर में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना दिया। विद्यार्थियों ने तिरंगे को हाथों में लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति अपने समर्पण का संदेश दिया। रैली में शामिल शिक्षक और कर्मचारी भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के भीतर राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।










