आगरा। अछनेरा थाना क्षेत्र में एक करोड़पति साधु के सिर में ईंट मार कर उनकी हत्या कर दी गई है। कमरे में खून से लथपथ उनका शव पड़ा मिला। पास में ईंट भी पड़ी थी। सूचना पर थाने की पुलिस पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गांव सहाई निवासी धर्मवीर (42 वर्ष) पुत्र दिगम्बर सिंह अविवाहित थे। अपने चार भाइयों में सबसे छोटे थे। वह गांव में अपने निवास पर अकेले रहते थे। पूर्व में वह प्रॉपर्टी डीलर का काम भी करते थे, उनके हिस्से में भी करीब साढे तीन बीघा जमीन थी। कुछ लोगों को उन्होंने रुपए भी उधार दे रखे थे। सुबह धर्मवीर हर रोज सुबह करीब 6 बजे उठकर गाय को चारा डालते थे। जब शुक्रवार सुबह वह समय पर नहीं पहुंचे, तो उनके भतीजे सौरभ ने उनके मोबाइल पर संपर्क किया। कई बार फोन लगाने के बाद भी जब धर्मवीर ने फोन नहीं उठाया, तो सौरभ को किसी अनहोनी की आशंका हुई। सुबह करीब 8 बजे सौरभ उनके घर पहुंचा, तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। दीवार फांदकर घर के अंदर घुस गया। वहां फर्श पर उनकी लाश पड़ी हुई थी। भतीजे सौरभ ने तुरंत इस बात की जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी। मौके पर इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने जब दीवार पर चढ़कर घर के अंदर देखा, तो उनके होश उड़ गए। अंदर धर्मवीर का लहुलुहान शव पड़ा हुआ था। पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर डीसीपी आदित्य कुमार भी मौके पर पहुंच गए। हत्या किसने और क्यों की है। पुलिस इस बात की जानकारी कर रही है।










