आगरा। आगरा पुलिस ने शादी समारोहों और सामाजिक आयोजनों के लिए 12 सूत्रीय गाइडलाइन जारी की है। नगर जोन में सड़क पर बारात, घुड़चढ़ी और स्वागत कार्यक्रमों पर रोक रहेगी। पार्किंग परिसर के अंदर करनी होगी। मैरिज होम संचालकों को दो दिन में CCTV कैमरों का नक्शा थाने में देना होगा। असलहा, हर्ष फायरिंग, तेज आवाज में डीजे और प्रतिबंधित आतिशबाजी पर सख्ती रहेगी। नियम तोड़ने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी।
शादी समारोहों के दौरान सबसे ज्यादा परेशानी सड़क पर बारात निकालने और घुड़चढ़ी के कारण होती है। कई जगह बारात के लिए सड़क पर डीजे और बैंड-बाजे के साथ रास्ता घेर लिया जाता है। इससे यातायात बाधित होता है और एंबुलेंस सहित अन्य जरूरी वाहनों को भी निकलने में परेशानी होती है। पुलिस ने अब इस पर रोक लगा दी है। बारात निकालने, घुड़चढ़ी, स्वागत और जयमाला सहित शादी की सभी रस्में समारोह स्थल के अंदर ही आयोजित करनी होंगी। होटल और मैरिज होम संचालकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके यहां होने वाले कार्यक्रमों से सार्वजनिक सड़क और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। पुलिस ने मैरिज होम और होटल संचालकों को पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए हैं। समारोह में आने वाले मेहमानों के वाहनों की पार्किंग परिसर के अंदर ही करानी होगी। सड़क किनारे या सार्वजनिक रास्तों पर वाहन खड़े कराकर यातायात बाधित करने की अनुमति नहीं होगी। इस व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित समारोह स्थल के संचालकों की होगी। पुलिस का मानना है कि यदि पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तो शादी समारोहों के दौरान लगने वाले जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।










