आगरा। बुधवार को राजा मंडी बाजार में अतिक्रमण हटाने के दौरान नगर निगम की टीम और व्यापारियों के बीच झड़प हुई थी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। नगर निगम कर्मचारियों पर व्यापारियों से मारपीट, गाली-गलौज और दुकानों का सामान तोड़ने के आरोप लगे हैं। गुरुवार को सपा के पूर्व आगरा दक्षिण विधानसभा प्रत्याशी विनय अग्रवाल और समाजवादी व्यापार सभा के महानगर अध्यक्ष सोमेश गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बाजार पहुंचकर व्यापारियों से मुलाकात की।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि 25 नवंबर को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों ने अभद्रता और मारपीट की। 12 से 15 फीट ऊंचाई पर लगे बिजली के बल्ब और दुकान के बोर्ड तोड़ने तथा महंगे बल्ब अपने साथ ले जाने का आरोप भी लगाया। अशोक जसवानी और नरेंद्र अमरनानी ने कहा कि कार्रवाई से पहले व्यापारी कमेटी से वार्ता और जरूरत पड़ने पर नियमानुसार नोटिस दिया जाना चाहिए। विनय अग्रवाल ने कहा कि सपा अतिक्रमण के खिलाफ है, लेकिन व्यापारियों के साथ मारपीट और अभद्रता बर्दाश्त नहीं होगी। व्यापारी और सरकार एक-दूसरे के पूरक हैं। समस्याओं का समाधान टकराव से नहीं, संवाद और सहयोग से होना चाहिए।सोमेश गुप्ता ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। सतीश चाहर ने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं देना भी है। राहुल चतुर्वेदी ने कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई और निष्पक्ष जांच पर जोर दिया। पूर्व पार्षद राहुल चौधरी ने खुले नाले ढकने, ऊंची पुलियाएं सुरक्षित करने, सफाई, पार्किंग और सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था की मांग की। प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार सुबह 11:30 बजे नगर आयुक्त से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा। इसमें मारपीट के आरोपों की जांच, दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई, बाजार की मूलभूत सुविधाओं में सुधार और अतिक्रमण कार्रवाई से पहले व्यापारियों से वार्ता की मांग की जाएगी।











