आगरा। आगरा मंडल में 127 मार्गो की बिना अनुमति लिए खुदाई कर दी गई है। कमिश्नर के सामने यह आंकड़ा आने के बाद वह काफी नाराज हुईं।
बुधवार को कमिश्नर रितु माहेश्वरी ने मण्डलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में सर्वप्रथम रोड कटिंग की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि जलकल विभाग/जल निगम (शहरी) द्वारा 60 मार्गों पर खुदाई की गई है, जल जीवन मिशन/जल निगम ग्रामीण द्वारा 135 मार्गों व पांच अन्य द्वारा सड़कों पर खुदाई की गई है, जिसमें 155 लोनिवि, 33 ग्रामीण अभियंत्रण के मार्ग हैं, जिसमें 127 की अनुमति नहीं ली गई है। रेस्टोरेशन भी नहीं किया गया है। नाराजगी जाहिर करने के बाद कमिश्नर के द्वारा निर्देश दिए गये कि सभी मार्गों का रेस्टोरेशन शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार एक सप्ताह के अन्दर कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ग्रामीण सड़कों का निरीक्षण पंचायत सचिव तथा ग्राम प्रधान से कराया जाए व उसकी सूचना दोनों के संयुक्त हस्ताक्षर से मंगाई जाए।
बैठक में ग्रेंडेड रिस्पांस एक्शन प्लान की समीक्षा में बताया गया कि शासन द्वारा प्रदेश के 17 शहरों को नॉन अटेनमेंट शहरों के रूप में चुना गया है, जिसमें आगरा तथा फिरोजाबाद भी सम्मिलित है। बैठक में गड्ढामुक्ति की समीक्षा में बताया गया कि मण्डल में लोनिवि द्वारा 2224.37 किमी. गड्ढामुक्त लक्ष्य के सापेक्ष 2219.57 किमी. का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। 4.8 किमी. का कार्य अवशेष है, जो कि वन विभाग के क्षेत्र में है, जिस पर कमिश्नर के द्वारा निर्देश दिए गये कि प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी को सूचित करते हुए गड्ढामुक्त कराना सुनिश्चित किया जाए। कमिश्नर द्वारा नगर-निगम के अधीन आने वाले मार्गों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गये कि सभी जनपदों में तकनीकी टीम से सर्वे कराया जाए साथ ही सभी मार्गों को यथाशीघ्र गड्ढामुक्त कराना सुनिश्चित किया जाए। कमिश्नर ने जल निगम ग्रामीण द्वारा सड़क की मरम्मत न करने पर मुख्य सचिव को पत्र भेजने के निर्देश दिए साथ ही पांच से आठ दिसम्बर के बीच लोनिवि तथा जल निगम ग्रामीण द्वारा संयुक्त रूप से पुनः सर्वेक्षण करने और 10 दिसम्बर तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ग्वालियर मार्ग पर जलभराव की स्थिति के निस्तारण को एनएचएआई को सूचित करते हुए जल भराव की समस्या का निस्तारण कराया जाए। नई सड़कों के निर्माण की समीक्षा में बताया गया कि मण्डल में 86 मार्गों को नवीनीकृत कराये जाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें से 40 मार्गों का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। मण्डलायुक्त द्वारा जनपद आगरा तथा मथुरा में मार्ग निर्माण की प्रगति में शिथिलता बरतने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारी को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गये।











