आगरा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा 22 फरवरी को विशाल मेगा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें सभी जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ लाभ भी दिया जाएगा।
मेगा शिविर की तैयारी को लेकर सोमवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ अपर जिला जज अमरजीत, अपर जिला जज दिव्यानंद द्विवेदी, सीजेएम मृत्युंजय श्रीवास्तव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव विनीता सिंह के द्वारा बैठक की गई। बैठक में न्यायिक अधिकारियों ने जिला विकास अधिकारी, दिव्यांग अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी, श्रम विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि 22 फरवरी को आयोजित होने वाले मेगा शिविर के सफल आयोजन को पात्र व्यक्तियों का पंजीयन कर उनको कल्याणकारी योजना का लाभ प्रदान किया जाना है। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विनीता सिंह के द्वारा बताया गया कि उक्त जागरूकता शिविर का उद्देश्य विभिन्न विभागों में चल रही समाज के निर्बल वर्ग, दिव्यांग बच्चों, स्त्रियां, निर्धन वर्ग और असंगठित क्षेत्र के श्रमिक आदि से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाएं का त्वरित एवं सुलभ लाभ प्रदान करना है। विधिक साक्षरता/सेवा शिविर के साथ-साथ प्री मेगा शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें आम जनमानस शिविर में उपस्थित होकर अपना पंजीयन/रजिस्ट्रेशन करा सकता है।











