आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के ट्रांस यमुना कॉलोनी फेज दो में दुकानदार को बीच-बचाव कराना महंगा पड़ गया। दबंगों ने उसके साथ मारपीट कर दी और उसकी सोने की चेन लूट ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस वन निवासी सुनील कुमार पुत्र राकेश कुमार गुप्ता की ट्रांस यमुना कॉलोनी फेज 2 में राज इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से दुकान है। सुनील कुमार के अनुसार उनकी दुकान के सामने पुष्पेंद्र डोसे की दुकान लगाता है। पुष्पेंद्र की बंटी, बबलू, नीरज और 4-5 अन्य लोग से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। सुनील कुमार ने उनका बीच-बचाव कराया, जिसके बाद सभी दबंगों ने पुष्पेंद्र और सुनील कुमार पर हमला बोल दिया उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पुष्पेंद्र के सिर में चोट आई है। सुनील कुमार के भी हाथ में चोट आई है। सुनील कुमार के अनुसार वह बचाव के लिए अपनी दुकान के अंदर भागे तो दबंग उनके पीछे पीछे दुकान में घुस आए और दुकान में बैठे सुनील कुमार के भाई के साथ भी मारपीट की कोशिश की और उनके गले में से 62 ग्राम की सोने की चेन लूट ले गए। घटना की जानकारी पुष्पेंद्र ने पुलिस कंट्रोल नंबर पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना एत्माद्दौला पुलिस ने सुनील कुमार की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ धारा 147 149 452 394 323 504 और 506 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।











