आगरा। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की बरात की अगवानी के लिए जनकपुरी की तैयार है। राजा जनक का मंच इस बार अलौकिक छटा बिखेर रहा है। कल अयोध्या से राम बारात जनकपुरी के लिए प्रस्थान करेगी, वहीं सीता जी डोले में सवार होकर गौरी पूजन के लिए निकलेंगी।
मंगलवार को श्री जनकपुरी महोत्सव को लेकर प्रशासन, आयोजन समिति और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया, वहीं 18 से 20 सितंबर तक पूरे क्षेत्र में शराब की दुकानें बंद करने और शाम छह बजे से रात बारह बजे तक नो-कार जोन लागू करने का निर्णय लिया गया है। महोत्सव समिति ने घोषणा की कि 17 सितंबर बुधवार को शाम 5.30 बजे सीता जी का डोला कावेरी मंदिर, कमला नगर से प्रारंभ होगा और विभिन्न मार्गों से होते हुए एफ ब्लॉक जनक पार्क पहुंचेगा। इस डोला यात्रा में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति ने नगर निगम, टोरंट, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनक मंच पर बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने निरीक्षण करते हुए कहा कि जनकपुरी उत्तर भारत का सबसे बड़ा आयोजन है, इसे पर्यटन से जोड़ना चाहिए ताकि ताजमहल और फतेहपुर सीकरी आने वाले पर्यटक भी जनक महल की छटा देख सकें। उन्होंने समिति की मांग पर 18, 19 और 20 सितंबर को पूरे जनकपुरी क्षेत्र में शराब के ठेके बंद करने का आदेश दिया।











