आगरा। कमला नगर, न्यू आगरा और हरी पर्वत थाना क्षेत्र के 15 घरों को चोरी करने के लिए चोरों के गैंग ने चिन्हित किया था। कमला नगर थाना पुलिस को इस बात की सूचना पहले ही मिल गई और उन्होंने गैंग को दबोच लिया। डीसीपी सिटी ने थानाध्यक्ष कमला नगर की पीठ थपथपाई है।
एसीपी हेमंत कुमार ने बताया कि थाना कमलानगर पुलिस टीम, सर्विलांस व एसओजी टीम द्वारा क्षेत्र में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर द्वारा थानाध्यक्ष निशामक त्यागी को सूचना मिली कि दुकानों एवं बंद पडे मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने की घटनाओं को अंजाम देने वाले चार लोग वाटरवर्क्स चौराहे के आगे यमुना पुल के पास खड़े हैं। पुलिस ने वहां पहुंचकर चारों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से चोरी करने के प्रयोग में आने वाला सामान बरामद किया गया।
पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार चोरों से बरामद सामान के सम्बन्ध में पूछताछ करने पर चारों चोरों ने बताया कि बरामद सारा सामान उन्हीं का है। वह सभी मिलकर बड़े-बड़े शहरों में बंद पडे मकानों की रेकी कर रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। गौतम शुक्ला द्वारा बताया गया कि वह और जयप्रकाश पूर्व में लखनऊ जेल में बंद रह चुके हैं। गुरूदेव से उनकी जान पहचान कोर्ट पेशी के दौरान हुई थी। मोहित कुमार, गुरूदेव राजपूत का भतीजा है और सभी ने मिलकर आगरा शहर में पूर्व में भिन्न-भिन्न जगहों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। कमला नगर, हरी पर्वत और न्यू आगरा में उन्होंने 15 घरों को चोरी करने के लिए चिन्हित किया था।











