आगरा। आगरा कोर्ट परिसर में एक अधिवक्ता के सीने में तेज दर्द हुआ। इसके बाद वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। साथी अधिवक्ता उन्हें अस्पताल ले गए जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उनकी मौत से अधिवक्ताओं में शोक की लहर फैल गई।
जगदीशपुरा के खतैना निवासी सुरेश बाबू बघेल लंबे समय से अधिवक्ता थे। बताया जा रहा है सोमवार को अपनी बेटी के केस के सिलसिले में फैमिली कोर्ट में आए थे। अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। इसके बाद वह गिर पड़े। वकील को जमीन पर गिरता देख अन्य अधिवक्ताओं में अफरातफरी मच गई। ड्यूटी पर तैनात यूपीएसएसएफ के जवान वकील को न्यायालय स्थित चिकित्सालय लाए। यहां प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया गया। आराम नहीं मिलने पर अधिवक्ता उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज में ले गए। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।











