आगरा। अयोध्या के महंत परमहंस दास आज अचानक अपने शिष्यों के साथ ताजमहल जा पहुंचे। यह देख पुलिस प्रशासन के बीच खलबली मच गई। जेपी होटल के पास उन्हें रोक लिया गया। पुलिस उन्हें अपने साथ नजर बंद करके ले गई है। परमहंस दास को पुलिस के द्वारा कहीं ले जाने पर हिंदूवादी संगठनों द्वारा हंगामे की रणनीति बनाई जा रही है।
महंत परमहंस दास 26 अप्रैल को आगरा आए थे। सुरक्षा में तैनात जवानों ने उन्हें धर्म दंड की वजह से ताजमहल में प्रवेश करने से रोक दिया था। इसके बाद उन्होंने पांच मई को ताजमहल में प्रवेश का एलान किया था लेकिन वह आज अचानक आगरा पहुंच गए, जिससे पुलिस प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए। पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया है। पुलिस कह रही कि वह उन्हें अपने साथ लेकर ताजमहल जाएगी, लेकिन परमहंस दास अकेले ताजमहल जाने पर अड़े हैं। इसके बाद पुलिस उन्हें कहीं अज्ञात स्थान की ओर लेकर चली गई है।











