आगरा। सदर थाना क्षेत्र में बुधवार को शादीशुदा प्रेमी ने फौजी की बेटी की गोली मारने के बाद खुद भी सुसाइड कर लिया। युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है मलपुरा के गांव इटौरा निवासी 25 वर्ष के अरुण कुमार और युवती के बीच किसी बात पर झगड़ा हो रहा था। इसी दौरान अरुण ने तमंचे से पहले युवती को गोली मारी, इसके बाद अपनी कनपटी में गोली मार ली। युवक की लाश देखकर कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी। डीसीपी सिटी अली अब्बास मौके पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अरुण के बारे में जानकारी करने पर पता चला है कि वह सैंया टोल प्लाजा पर काम करता था। शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं और उनका हाथरस के सादाबाद की रहने वाली इस युवती से अफेयर था। युवती बीएससी की छात्रा है और आगरा में किराए पर कमरा लेकर रहती थी, उसके पिता फौजी हैं। बुधवार को अरुण से मिलने युवती अपनी सहेली के साथ पीतांबरा सफायर कॉलोनी पहुंची थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच में विवाद हो गया और अरुण ने इस वारदात को अंजाम दिया। डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया की गोली किन कारणों से मारी गई इस बात की जांच की जा रही है। संज्ञान में यह भी आया है की युवती ने युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। बाद में 164 के बयान में युवती ने लगे आरोपों से इनकार कर दिया था। इसके बाद युवक के खिलाफ दर्ज मुकदमा खत्म हो गया।











