आगरा। आगरा में शनिवार को नारकोटिक्स की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर जगदीशपुरा में नकली दवा बनाने की फैक्ट्री पकड़ी। पुलिस ने करीब पांच करोड़ का दो जगह से माल बरामद किया है। सिकंदरा में स्कूल में क्लास के अंदर नकली दवाएं मिली।
डीसीपी सिटी सूरज राय और सीओ एएनटीएफ इरफान नासिर ने फेंसिड्रिल, वेल्सीरेक्स, कोडिस्टार, कफ केयर, कोसिरेक्स कफ सीरप, एल्जोसेल टैबलेट 0.5, एप्रासेफ 0.5 टैबलेट का जखीरा जब्त किया गया है। इसके अलावा करीब सात हजार कफ सिरप की तैयार बोतल और भारी मात्रा में रॉ मटेरियल भी बरामद किया है। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि पुलिस को पिछले कुछ समय से दो फैक्ट्रियों में नकली दवाएं तैयार किए जाने की सूचना मिल रही थी। शनिवार को एएनटीएफ की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर थाना जगदीशपुरा और सिकंदरा क्षेत्र में दो फैक्ट्रियों में छापा मारा। यहां पर मिक्स्चर से नकली दवाएं तैयार की जा रही थीं। प्राची टावर में कृष्णा एजुकेशनल इंस्टिट्यूट के क्लास रूम में दवाएं मिली। मामले मे मुकदमा दर्ज किया गया है। चार लोगों की गिरफ्तारी की गई है। इसमें एक की पहचान शाहगंज के रहने वाले नरेंद्र शर्मा, खेरागढ़ के रहने वाले मुकेश, जगदीशपुरा के रहने वाले सनी और रोहित कुशवाह के रूप में हुई है।

गिरफ्तार किए गए युवकों ने बताया कि वे रेलवे के पार्सल के जरिए बिहार के रास्ते बांग्लादेश दवाएं भेजते थे। उनसे पूछताछ के आधार पर आगरा में टीमें कई अन्य स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं।











