आगरा। जुमे की नमाज को लेकर आज सुबह से आगरा पुलिस चौकन्ना है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस लगातार गश्त कर रही है। एसएसपी भी सुबह से राउंड पर निकले हुए हैं। एसएसपी द्वारा लोगों को चेतावनी दी जा रही है कि अगर किसी ने कानून व्यवस्था तोड़ने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कई शहरों में पिछले दिनों जुमे की नमाज को लेकर हुए बवाल के बाद मुख्यमंत्री नाराज थे। मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद सभी जिलों में जिलाधिकारी और एसएसपी सतर्क हैं। जुमे की नमाज को लेकर आज शहर में सेक्टर स्कीम लागू है। संवेदनशील इलाकों में मजिस्ट्रेट और क्षेत्राधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है। खुफिया एजेंसियां भी सुबह से सक्रिय हैं। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह सुबह से राउंड पर निकले हुए हैं। एसएसपी ने बताया कि मंटोला, लोहामंडी और शाहगंज क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है।











