लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिवपाल यादव की मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में अफवाहों का बाजार गर्म है। इस बीच, शिवपाल यादव ने आज ट्विटर पर पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के अलावा पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा को फॉलो कर बीजेपी के प्रति अपना झुकाव जाहिर कर दिया है।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया और जसवंतनगर सीट से विधायक शिवपाल यादव सोशल मीडिया के सबसे सशक्त प्लेटफॉर्म ट्विटर पर सिर्फ 12 लोगों को फॉलो करते हैं। इससे पहले शिवपाल यादव सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अपने बेटे आदित्य यादव, दलाई लामा, प्रेजिडेंट ऑफ इंडिया, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी, ट्विटर वेरिफाइड, पीएमओ इंडिया और सीएम आफिस यूपी को ट्विटर पर फॉलो करते थे। वहीं, शिवपाल यादव को ट्विटर पर फॉलो करने वालों की एक लंबी फेहरिस्त है। शिवपाल को 8 लाख 94 हजार के करीब लोग फॉलो करते हैं।
दरअसल, 2022 विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही शिवपाल यादव अपने भतीजे अखिलेश यादव से नाराज चल रहे हैं। हाल ही में सपा विधायकों की बैठक में ना बुलाए जाने से शिवपाल यादव नाराज बताये जा रहे हैं। उसी नाराजगी का कारण था कि हाल ही में लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में हुई गठबंधन दलों के नेताओं के साथ बैठक में शिवपाल यादव शामिल नहीं हुए। जबकि प्रसपा मुखिया शिवपाल यादव समेत सभी सपा गठबंधन दलों के नेताओं को बकायदा पत्र जारी कर बुलाया गया था। वहीं इस नाराजगी के बीच ये भी खबरें आ रही है कि शिवपाल यादव जल्द ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। शिवपाल के अलावा उनके बेटे आदित्य भी बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। बीते बुधवार को करीब 25 मिनट तक सीएम आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद ऐसी चर्चाओं ने तूल पकड़ लिया है। हालांकि सीएम योगी से शिवपाल यादव की मुलाकात को शिवपाल खेमे ने महज शिष्टाचार भेंट बताया था।











