आगरा। सिकंदरा स्थित फल एवं सब्जी मंडी की एक आढ़त में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुरुआती तौर पर चोरी की रकम करीब एक करोड़ रुपये बताई गई थी, लेकिन पुलिस जांच में करीब 45 लाख रुपये की चोरी सामने आई। सिकंदरा पुलिस ने मामले में आढ़ती के ड्राइवर शिशुपाल और उसके पिता वीरू को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से करीब 41 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए गए हैं।
डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी शिशुपाल आढ़ती के यहां ड्राइवर था और उसे मालिक के आने-जाने, घर और दुकान की गतिविधियों तथा नकदी से जुड़े मूवमेंट की पूरी जानकारी थी। आढ़ती हाजी नसीम के हैदराबाद जाने की जानकारी भी शिशुपाल को थी। इसी का फायदा उठाकर उसने अपने पिता वीरू के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई की रात दोनों आरोपियों ने मौका देखकर आढ़त की दुकान को निशाना बनाया और वहां रखी नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद दोनों ने खुद को शक से बचाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि शिशुपाल आढ़ती हाजी नसीम को एयरपोर्ट छोड़ने और लेने तक गया था। इस दौरान उसे आढ़ती के कार्यक्रम और उनके आने-जाने की जानकारी मिलती रही। पुलिस का मानना है कि इसी जानकारी के आधार पर आरोपी ने चोरी के लिए सही समय चुना।











