आगरा। लाइव स्ट्रीमिंग, बैटिंग, गेमिंग कराकर करोडों रूपये की ठगी करने वाले तीन शातिरों को साइबर सेल और शाहगंज थाना पुलिस के द्वारा पकड़ा गया है। 50 बैंक खातों को सीज कर करीब 24 लाख रुपये की धनराशि फ्रीज कराई गई है।
स्टार इण्डिया कम्पनी-ब्लू आईकन इन्वेस्टीगेशन सर्विसेस के हेमंत टंडन द्वारा कमिश्नर से शिकायत की गई थी कि स्टार इण्डिया कम्पनी के अधिकृत लाइव कन्टेन्ट, लाइव गेम आदि को थर्ड पार्टी एप एकबैट, वैव पोर्टल के माध्यम से डाउनलोड कर विदेशी सर्वर के माध्यम से लाइव स्ट्रीमिंग के जरिये अवैध बैटिंग, गेमिंग कराकर करोडों रूपये की ठगी की जा रही है, जिसकी सब्सक्रिप्शन राशि ऑनलाइन उपरोक्त फर्म एकबैट के विभिन्न खातों/ वर्चुअल खातों में ली जा रही है। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर शाहगंज थाने में मुकदमा दर्ज हुआ। उक्त मुकदमें की विवेचना के दौरान साइबर टीम द्वारा उक्त पायरेटिंग वेबसाइट कंपनी की जांच की गई तो जांच में पाया कि स्टार इण्डिया नेटवर्क के अधिकृत सामग्री जिसमें आईसीसी विश्व कप क्वालीफायर मैंच 2023 की लाइव स्ट्रीमिंग व अवैध रुप से सब्सक्रिप्शन के नाम पर विभिन्न खातों में करोडों रुपये की ठगी की जा रही है। एकबैट वैब पोर्टल के सम्बंधित मोबाइल नम्बर, बैंक खातों के आधार पर तकनीकी विश्लेषण कर जानकारी प्राप्त की गयी तथा उनके नाम व पतों को तस्दीक किया गया तो वह आन्ध-प्रदेश, गुन्टूर, विजयवाडा, हैदराबाद क्षेत्र व देश के अन्य शहरों के पाये गये, जिसमें तीन साइबर शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए शातिर शेख करीमुल्ला द्वारा बताया गया कि मैं पैट्रोल पंप पर काम करता हूं। मेरे पडोस के रहने वाले शेख मोलाली पुत्र मदीना उपरोक्त आईसीआईसीआई बैंक विजयवाडा में नौकरी करता है, जिसने मुझे बताया कि यदि तुम मुझे बैंक खाते खुलवाकर दोगे तो मैं तुम्हे एक खाते के पांच हजार रुपये दूंगा। इसी दौरान में लालच में आ गया, जिसके चलते मैने अपना व अपनी पत्नी शेख शाकीरा, अपने दोस्त रहीम व उसकी पत्नी जिसका नाम में नही जानता हूं व एक अन्य युवती शेख महबूबी का भी खाता खुलवाकर मोलाली उपरोक्त को दे दिये, जिनके बदले मुझे पांच-पांच हजार मिलते थे।
अभियुक्त शेख मोलाली पुत्र मदीना निवासी आंध्र प्रदेश ने पूछने पर बताया कि मैं आईसीआईसीआई बैंक विजयवाडा आन्ध्र प्रदेश में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत हुन7। करीब 6 माह पूर्व मेरी मुलाकात मणिकांता से हुई, जिसने मुझको बताया कि तुम मुझे खाता खुलवाकर दोगे तो में तुम्हे एक खाते के 15 हजार रुपये दूंगा, जिसके लालच में आकर शेख करीमुल्ला ने अपनी पत्नी व अन्य लोगों के करीब 25 खाते खुलवाकर मुझे दिये थे। मणिकांता ने पूछताछ करने पर बताया कि शेख मोलाली व एचडीएफसी विशानापेठ में कार्यरत शेख अब्दुल्ला मोहम्मद मुझे खाते खुलवाकर देते हैं, जिनके बदले में इन्हे प्रत्येक खाते के 15-15 हजार रुपये देता हूं। गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर शाहगंज भानू प्रताप सिंह, साइबर सेल प्रभारी सुल्तान सिंह, एसआई सुबोध मान, पुष्पेंद्र कुमार, सनी कुमार, विजय तोमर, मनोज कुमार, अविनाश सिंह, शेर सिंह, कर्मवीर सिंह, आरक्षी धर्मेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।











