आगरा। कमला नगर थाना पुलिस की दो लुटेरों से हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने गैंग के चार सदस्यों के भी नाम बताए। पुलिस ने उन्हें भी पकड़ लिया। पकड़े गए लुटेरों में दो के ऊपर पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि थाना पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते हुए दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया तो वह मोटरसाइकिल मोड कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। एक का नाम अशोक और दूसरे का नाम इरशाद था। पूछताछ में दोनों ने उन्हें बताया कि हमने अपने साथी वकील खान के साथ 20 अप्रैल की रात को यस बैंक के पास ऑटो से आ रही एक महिला का पर्स छीना था। 20 जून की शाम को सुल्तानगंज की पुलिया से एक व्यक्ति की जेब में से चोरी की थी। दोनों ने बताया कि हमारे पास से जो मोटरसाइकिल पकड़ी गई है। यह हमारे साथी सलमान खान की है। हम और हमारे साथ पूरे शहर में चोरी और लूट के इरादे से घूमते हैं। पुलिस ने दोनों के बयान के आधार पर वकील, सलमान, मोहित और साहिल को भी पकड़ लिया। एसएसपी ने बताया कि वकील के ऊपर 25, सलमान के ऊपर 15, इरशाद के ऊपर तीन, अशोक के ऊपर पांच, मोहित के ऊपर चार, साहिल के ऊपर तीन मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में वकील ने बताया कि उसने भी करीब 6 चोरियों, सलमान ने 5 चोरियां, मोहित ने दो और साहिल ने तीन चोरियां को अंजाम दिया है। लुटेरों को पकड़ने वाली टीम में थानाध्यक्ष कमला नगर विपिन गौतम, एसआई सुनील कुमार, अंकित सिंह, विवेक कुमार, अरुण कुमार, राजीव पाराशर आदि शामिल रहे।











