आगरा। बुधवार को आगरा में मेट्रो का कोलकाता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल शुभारंभ किया। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाई। कल से यात्री इसमें सफ़र तय कर सकेंगे।
सात दिसंबर 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगरा मेट्रो का शिलान्यास किया था। बुधवार को इसका लोकार्पण हो गया। गुरुवार सुबह छह बजे से जनता के लिए मेट्रो शुरू होगी। ताज पूर्वी गेट में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम ने 23 माह में तीन भूमिगत स्टेशनों का निर्माण कर इतिहास रच दिया है। सात दिसंबर 2020 को प्रधानमंत्री ने मेट्रो का शिलान्यास किया था। अगस्त 2024 तक मेट्रो का संचालन शुरू होना था, लेकिन इसे समय से पहले पूरा कर लिया गया।
सीएम योगी ने बताया कि मेट्रो के अलावा खेरिया एयरपोर्ट के नए सिविल एन्क्लेव का कार्य तेजी से हो रहा है। शहर को आइटी सेक्टर के रूप में विकसित किया जाएगा। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री मंत्री कौशल किशोर, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक मेट्रो का संचालन होगा। एक स्टेशन का दस, दो स्टेशन का 15 और तीन से छह स्टेशन का 20 रुपये किराया है। लोकार्पण के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, सांसद राजकुमार चाहर, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, एमएलसी विजय शिवहरे, उद्योगपति अतुल तिवारी, मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी, पुलिस आयुक्त जे रविंद्र गौड़, एसएसएफ के एंटोनी देव कुमार, डीएम भानु चंद्र गोस्वामी आदि शामिल रहे।













